सूरजपुर। जिले के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में पंकज तिवारी की सक्रियता एक बार फिर चर्चा का विषय बनी हुई है। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले पंकज तिवारी ने कांग्रेस के विभिन्न संगठनों में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते हुए अपनी राजनीतिक पहचान बनाई है। अब प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में उनकी संभावित दावेदारी को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज होने लगी हैं। उनके समर्थक उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एक संभावित चेहरे के रूप में देख रहे हैं।
पंकज तिवारी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) में जिला महासचिव के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने युवा कांग्रेस में जिला महासचिव और ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। राहुल गांधी की पहल पर गठित 'आम आदमी का सिपाही' संगठन में जिला अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने कार्य किया। इसके अलावा वे INTUC के पूर्व जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। विभिन्न संगठनों में निभाई गई इन जिम्मेदारियों ने उन्हें संगठनात्मक राजनीति और जनसंपर्क का अनुभव दिया है।
प्रेमनगर विधानसभा में संभावित दावेदारी को लेकर उनका नाम चर्चा में आने के पीछे उनकी क्षेत्रीय सक्रियता और आम लोगों के बीच संपर्क को प्रमुख वजह माना जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी के कारण उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के बीच अपनी पहचान बनाई है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से उनकी उम्मीदवारी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से बनाई पहचान
पंकज तिवारी की सार्वजनिक गतिविधियों में मजदूरों, किसानों, गरीबों, शोषितों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से शामिल रहे हैं। वे इन वर्गों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने और उनके अधिकारों से जुड़े विषयों को प्रशासन एवं शासन के समक्ष रखने में सक्रिय रहे हैं।
उनकी राजनीति का प्रमुख आधार आम लोगों से सीधा जुड़ाव और जनसमस्याओं को लेकर सक्रियता बताया जाता है। क्षेत्र के नागरिकों के सुख-दुख में शामिल होना, उनकी परेशानियों को समझना और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों तक बात पहुंचाना उनकी राजनीतिक कार्यशैली का हिस्सा रहा है।
राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर भी रहेगी कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन में किस तरह की रणनीति तैयार होती है और प्रेमनगर सीट पर संभावित प्रत्याशियों के बीच किसे प्राथमिकता मिलती है। फिलहाल पंकज तिवारी की सक्रियता और संभावित दावेदारी ने क्षेत्र की कांग्रेस राजनीति में चर्चा को जरूर तेज कर दिया है।