बेमेतरा। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बेरला विकासखंड के बहेड़ा स्थित लिलाही चौक पर संचालित 'उत्सव डेयरी' में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देर रात दबिश देकर बड़े पैमाने पर अनहाइजीनिक तरीके से तैयार किए जा रहे पनीर और खोवा के कारोबार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से लगभग 2,000 से 3,000 किलोग्राम दूषित पनीर जब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
यह संयुक्त कार्रवाई स्टेट विजिलेंस टीम (फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट) के नेतृत्व में की गई। टीम में डॉ. होमेन ध्रुव और आशीष कुमार यादव के साथ बेमेतरा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के राजू कुंजू भी शामिल रहे। जांच के दौरान फैक्ट्री के भीतर गंदगी और अस्वच्छता का माहौल पाया गया, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों और डेयरी में अपनाई जा रही निर्माण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
बताया जा रहा है कि उत्सव डेयरी का संचालक अजीत साहू मूल रूप से हरियाणा का निवासी है। वह लंबे समय से क्षेत्र में डेयरी का संचालन कर रहा था। आसपास के रहवासियों द्वारा इस फैक्ट्री में तैयार होने वाले पनीर और खोवा की गुणवत्ता तथा अस्वच्छ निर्माण व्यवस्था को लेकर प्रशासन से शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों के आधार पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच और कार्रवाई की।
रातभर चला प्रशासन का संयुक्त अभियान
देर रात शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि विभाग के साथ नगर पंचायत और पुलिस विभाग की टीम भी मौके पर तैनात रही। अधिकारियों ने फैक्ट्री की स्थिति का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं की जांच की। दूषित पाए गए पनीर को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
फिलहाल विभाग की ओर से सैंपल जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार किए जाने के खतरे को उजागर किया है। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है।